शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद ने कहा कि दिल्ली के जोरबाग स्थित दरगाह शाहे मर्दा कर्बला की हजारों करोड़ की वक्फ संपत्ति पर कब्जे के लिए दिल्ली पुलिस गुंडों की सरपरस्ती कर रही है। मौलाना ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और दिल्ली पुलिस कमिश्नर से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई न होने पर मौलाना ने दिल्ली जाकर गिरफ्तारी देने की चेतावनी दी है। वे जौहरी मोहल्ला स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि उन्हें और अंजुमन हैदरी के सचिव बहादुर अब्बास सहित अन्य सदस्यों को थर्ड डिग्री टॉर्चर की धमकी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कर्बला जोरबाग की वक्फ संपत्ति से लंबी कानूनी लड़ाई लड़ने के बाद वर्ष 2019 में अवैध कब्जा हटा था।
उन्होंने दिल्ली वक्फ बोर्ड के चेयरमैन अमानत उल्लाह पर माफिया का सहयोग करने का आरोप लगाया। कहा, दिल्ली पुलिस भी इस मामले में मिली है। यही वजह है कि दिल्ली पुलिस खुलकर गुंडों को कब्जा दिलाने के लिए अंजुमन हैदरी के सदस्यों को परेशान कर रही है।
उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री व दिल्ली पुलिस कमिश्नर से मामले की जांच व लोधी कॉलोनी थाने के एसएचओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मौलाना ने कहा कि अगर पुलिस ने इन गुंडों पर कार्रवाई नहीं की तो मैं दिल्ली जाकर पुलिस मुख्यालय पर गिरफ्तारी दूंगा।