सचिवालय संघ ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सचिव आमोद कुमार से मिलकर सचिवालय में कंप्यूटर सहायक के रिक्त करीब 400 पदों पर तत्काल भर्ती कराने की मांग की है। संघ ने हर अनुभाग में 2-2 कंप्यूटर सहायकों के हिसाब से अतिरिक्त पदों के सृजन की मांग की है।
सचिवालय संघ के अध्यक्ष यादवेन्द्र मिश्र व सचिव ओंकार नाथ तिवारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कुमार से मुलाकात की। उन्होंने सचिव को बताया कि सचिवालय में बड़ी संख्या में कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
विभिन्न पदों पर पदोन्नतियों व 2009 में कंप्यूटर सहायक संवर्ग का सहायक समीक्षा अधिकारी संवर्ग में विलय की वजह से कंप्यूटर सहायकों की बहुत कमी हो गई है। इससे मृतक आश्रितों की नियुक्ति के रास्ते भी बंद हो गए हैं।
तिवारी ने बताया कि संघ की आपत्ति व कंप्यूटर सहायकों की जरूरत को देखते हुए सचिवालय प्रशासन विभाग ने बाद में मृतक आश्रितों की नियुक्ति के लिए कार्रवाई की।