मानव संसाधन मंत्रालय के बाद अब शिक्षा विभाग की फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी का मामला प्रकाश में आया है। ग्रामीण शिक्षा परिषद नाम से बनी इस वेबसाइट में प्रधानाचार्य, शिक्षक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदों पर भर्ती निकालकर बेरोजगारों से लाखों रुपये ठगने का आरोप है।
प्रदेश सरकार का लोगो इस्तेमाल करने से बेरोजगार इसे सही समझकर ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। हालांकि, प्रदेश सरकार की तरफ से एक बयान जारी कर वेबसाइट को फर्जी बताया गया है।
वेबसाइट में ग्रामीण शिक्षा परिषद के ऑफिस का पता विभूतिखंड में दिया गया है। करीब दो महीने से चल रही इस वेबसाइट में प्रधानाचार्य से लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पद के लिए 300 से 500 रुपये परीक्षा शुल्क जमा कराया जा रहा है।