रायबरेली। कई ट्रेनों की लेटलतीफी शुक्रवार को कुछ ज्यादा रही। देहरादून से वाराणसी जाने वाली जनता मेल रायबरेली रेलवे स्टेशन पर पौन घंटे विलंब से आई जिसे लगभग 20 मिनट तक रोका गया। इससे लेटलतीफी बढ़कर एक घंटे हो गई। टनकपुर से सिंगरौली जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस भी 15 मिनट तक खड़ी रही।
अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल दो घंटे और वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस एक घंटे विलंब से आई। सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस, दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस, हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल, प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस, आनंद विहार से पुरी जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस पौन घंटे और प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली गंगा-गोमती एक्सप्रेस आधे घंटे देरी से पहुंची।
स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि वाराणसी की ओर कहीं ट्रैफिक ब्लॉक था जिससे जनता मेल कंट्रोल मैसेज मिलने पर रोकी गई। इंटरसिटी के इंतजार में त्रिवेणी को देर तक रोका गया। किसान आंदोलन की वजह से पंजाब मेल लेट हुई जबकि अन्य ट्रेनें पिछले स्टेशनों से लेट होने के कारण विलंब से पहुंचीं।