लखनऊ। जून-जुलाई में प्रस्तावित आईटीआई की मुख्य परीक्षा देने के लिए 80 प्रतिशत उपस्थिति जरूरी है। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी संस्थानों को यह जानकारी अपडेट करनी होगी। प्रशिक्षण महानिदेशालय ने इस संबंध में सभी प्रधानाचार्यों को दिशा निर्देश जारी किया है।
डीजीटी की परीक्षा नियंत्रक स्वाति सेठी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, निदेशालय और परीक्षा एजेंसी को 19 जून से 1 जुलाई के बीच परीक्षा केंद्रों की मैपिंग पूरी करनी होगी। मुख्य परीक्षा के लिए सीबीटी केंद्र की दूरी संबंधित संस्थान से 25 किलोमीटर से कम होनी चाहिए। विशेष परिस्थितियों में डीजीटी की अनुमति से यह दूरी अधिकतम 50 किलोमीटर तक हो सकती है। निदेशालय की ओर से ऑब्जर्वर व फ्लाइंग स्क्वाॅयड तैनात किए जाएंगे। दो घंटे की इस परीक्षा में 150 अंकों के 75 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें ट्रेड थ्योरी और एम्प्लॉयबिलिटी स्किल्स के प्रश्न शामिल होंगे। परीक्षा पास करने के लिए दोनों विषयों में न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य है।