आयकर विभाग की कार्रवाई में पुराने नोट को नए में बदलने के एक और खेल का खुलासा हुआ है। इनकम टैक्स अधिकारियों को सूदखोर की आलीशान कोठी से 35 लाख रुपये के नए नोट मिले हैं। इसकी सूचना प्रवर्तन निदेशालय को दे दी गई है।
आरोप है कि सूदखोर ने पुराने नोटों को कमीशन पर नए नोट से बदलवाया है। कोठी से बड़े पैमाने पर आयकर चोरी के दस्तावेज जब्त किए गए हैं। आयकर टीम यहां पर पूरी रात दस्तावेजों को खंगालती रही।
शनिवार को आयकर विभाग ने 14 अफसर और 10 पुलिस कर्मियों के साथ कृष्णानगर के विजय नगर पुलिस चौकी के निकट स्थित सिंह भवन पर छापा मारा।
सूदखोर शेरधर सिंह ऊर्फ बब्बू को आयकर छापे की भनक न लगे इसके लिए कृष्णानगर कोतवाली की पुलिस फोर्स लेने के बजाय दूसरे थाने से पुलिस लेकर दोपहर करीब दो बजे छापामारी शुरू की।