मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सबसे ज्यादा महत्वाकांक्षी योजना समाजवादी पेंशन में भारी गड़बड़ियां सामने आई है। 73,712 ऐसे लोगों का पेंशन के लिए चयन कर लिया गया जो इसके लिए पात्र ही नहीं थे।
पड़ताल में गड़बड़ी सामने आने पर इनकी पेंशन पर रोक लगा दी गई है। साथ ही राष्ट्रीय सूचना-विज्ञान केंद्र और समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को जांच जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
पड़ताल में सामने आया कि पात्रता की जो शर्तें हैं उनको दरकिनार कर दिया गया है। कई मामलों में तो पाया गया कि लाभार्थी के पास काफी जमीन है। यही नहीं उनके पास वाहन भी हैं।
किसी और के दे दिए बैंक अकाउंट नंबर
कुछ मामले तो ऐसे भी मिले जिनमें चयनित लोगों ने जो बैंक अकाउंट नंबर दिए थे, वह किसी और का अकाउंट निकला। सबसे ज्यादा गड़बड़ी मुरादाबाद, कानपुर नगर, शाहजहांपुर, चंदौली, सहारनपुर, बदायूं, हमीरपुर, कानपुर देहात, ललितपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र और वाराणसी जिलों में मिलीं हैं।
गड़बड़ी और भी बड़ी हो सकती है
मामले पर समाज कल्याण निदेशक जी.राम का कहना है कि गड़बड़ी पाए गए सभी खातों में पेंशन भेजने पर पाबंदी लगा दी गई है। स्क्रूटनी जारी है। अभी पाबंदी वाली यह सूची और भी लंबी होने की उम्मीद है। मामलों में अधिकारियों या कर्मचारियों की गलती सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।