अवैध खनन कर रहे लोगों की पैरोकारी करना सपा के अयोध्या विधानसभा अध्यक्ष अशोक वर्मा को महंगा पड़ गया।
सूचना पर टीम के साथ पहुंचे प्रशिक्षु आईपीएस थानाध्यक्ष प्रताप गोपेंद ने अशोक समेत किसानों और चालकों की उनकी जमकर पिटाई की, बल्कि उन्हें लॉकअप में बंद कर दिया।
साथ ही तीन ट्रैक्टर व एक जेसीबी मशीन सीज की गई है। घटना बुधवार रात पूराकलंदर थानाक्षेत्र के ददेरा गांव की है।
थानेदार पर लगाए आरोप
पिटाई के विरोध में प्रदेश के मनोरंजन कर राज्यमंत्री तेज नारायण पांडे उतर आए। उन्होंने कहा कि अशोक वर्मा न खनन माफिया है न ही भूमाफिया।
थानेदार को पद का गुरूर था, जिसका शिकार अशोक हो गए। बाद में पुलिस ने दबाव पड़ने पर मौके से पकड़े गए अशोक वर्मा व प्रधान योगेंद्र वर्मा को फरार दिखाया है, जबकि पांच लोगों का चालान किया है।
पुलिस का कहना है कि
वहीं पुलिस का कहना है कि खनन कर रहे लोगों ने पुलिस पर हमला किया, जिससे दो सिपाही जख्मी हो गए।
बताते हैं कि ददेरा गांव के किसान श्यामजी प्रजापति को खेत समतल कराने के लिए मिट्टी की जरूरत थी, जबकि खेत में टीला साफ कराकर खेती लायक बनाने के लिए गांव के ही किसान राजेंद्र सिंह मिट्टी देने को तैयार हो गए।
बुधवार रात में जेसीबी किसी तरह खाली मिली, तो अपने-अपने खेत समतल करने के लिए गांव के लोगों का ट्रैक्टर लेकर काम शुरू हुआ।
अचानक किसी ने पूराकलंदर थाना प्रभारी को फोन करके मिट्टी खनन की सूचना दी।
एसओ ने शुरू कर दी पिटाई
थाना प्रभारी का काम देख रहे ट्रेनिज आईपीएस प्रताप गोपेंद्र ने दल-बल के साथ मौके पर छापा मारा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एसओ ने पहले जेसीबी चालक महेश वर्मा पुत्र विजयशंकर वर्मा निवासी हनुमानपुरवा, थाना पूराकलंदर की पिटाई शुरू की, फिर ट्रैक्टर चालक ओमप्रकाश यादव पुत्र गया नाथ यादव निवासी कुटिया कुशमाहा, कोतवाली अयोध्या को उतारकर पुलिसकर्मियों ने लाठी से जमकर पीटा।
तभी दोनों किसान व उनके परिवार समेत 50-60 ग्रामीण पहुंचे और खेती के काम में मिट्टी निकालने पर कार्रवाई को अवैधानिक बताने लगे।
आरोप है कि थानेदार आक्रोश में आकर गाली गलौज करने के साथ लोगों पर लाठी चलाने लगे। तभी गांव निवासी सपा के अयोध्या विधानसभाक्षेत्र अध्यक्ष अशोक वर्मा पहुंचे और थानेदार को समझाना चाहा, तो उनकी भी लाठी से धुनाई शुरू कर दी। फिर सबको थाने लाकर लॉकअप में बंद कर दिया।
पुलिस पर हुआ था हमला
उधर, आईपीएस प्रताप गोपेंद्र की ओर से पुलिस टीम पर हमला की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गोपेंद्र ने लिखाया है कि बुधवार की रात 10:10 बजे सीयूजी मोबाइल पर सूचना आई कि ‘मैं वीरेंद्र कुमार पांडेय निवासी ददेरा गांव से बोल रहा हूं, मेरे खेत के बगल राजेंद्र सिंह का खेत है, जो कि चार ट्रैक्टर-ट्रॉली व जेसीबी मशीन लगाकर अवैध खनन कर रहे हैं।’
गहरी खुदाई राजेंद्र सिंह के खेत में हो रही है। मौके पर गए तो राजेंद्र सिंह, ट्रैक्टर मालिक संजीत वर्मा, प्रदीप वर्मा, इरशाद अहमद, श्याम जी, अशोक वर्मा, योगेंद्र वर्मा आदि ने पुलिस टीम को घेर लिया।
पुलिस पर ईंट-पत्थर से हमला, जान से मारने की धमकी तथा सरकारी कार्य में बाधा की डाली। जिसमें दो सिपाही जितेंद्र यादव व अनिल चौधरी घायल हो गया। उनका मेडिकल कराया जा रहा है।
मामले में धारा 147, 186, 332, 336, 353, 504, 506 आईपीएस व 7 क्रिमिनल अमेंडमेंट एक्ट लगाई गई हैं। जांच अधिकारी सीओ अयोध्या सीपी सिंह बनाए गए हैं। मामले में अवैध खनन की धारा समेत एमवी एक्ट में तीन ट्रैक्टर व एक जेसीबी मशीन का चालान भी किया गया है।
सपा नेता की हो गई रिहाई
सपा के दबाव में रात में पिटाई करके गिरफ्तार सपा नेता अशोक वर्मा व पूर्व प्रधान योगेंद्र वर्मा को गुरुवार को छोड़ दिया गया है। हालांकि इसकी लिखा-पढ़ी नहीं है।
कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें राजेंद्र सिंह, संजीत वर्मा, प्रदीप वर्मा, इरशाद अहमद, श्यामजी शामिल हैं। जबकि सपा नेता अशोक वर्मा व पूर्व प्रधान योगेंद्र फरार बताए जा रहे हैं।
प्रशिक्षु आईपीएस प्रताप योगेंद्र का कहना है कि सपा नेता अशोक वर्मा को उन्होंने मारापीटा नहीं है। उधर एसएसपी केबी सिंह का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों को देखा जा रहा है। पहली नजर में घटना अवैध खनन की लगती है। पुलिस पर हमला भी हुआ है।
इस पर मनोरंजनकर राज्यमंत्री तेजनारायण पांडेय का कहना है कि अशोक वर्मा न खनन माफिया हैं न भूमाफिया। वे ददेरा-कुसमाहा गांव के हैं। उन्हें रात में पुलिस कार्रवाई की सूचना ग्रामीणों ने दी, तो मौके पर गए। लेकिन आईपीएस थानेदार का गुरूर था, जिसके वे शिकार हुए। थानेदार ने मारा-पीटा। इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अवश्य होगी।
सपाइयों की मुख्यमंत्री से फरियाद
पूराकलंदर के प्रशिक्षु आईपीएस थानेदार द्वारा अयोध्या विधानसभा क्षेत्र के सपा अध्यक्ष अशोक वर्मा की पिटाई मामले में सपा के पदाधिकारियों समेत कुल 69 लोगों ने हस्ताक्षर करके मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।
आरोप लगाया है कि खनन मंत्री ने स्पष्ट कह रखा है कि कोई भी व्यक्ति अपने खेत के समतलीकरण हेतु मिट्टी खनन कर सकता है। इसके बावजूद रात साढ़े आठ बजे, जब खेत समतल करके ट्रैक्टर व जेसीबी किशुनदासपुर नगर पुलिया पर आई, तो थानाध्यक्ष ने चालकों को रोक खनन की बात पूछ पिटाई शुरू कर दी।
सपा अयोध्या विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक वर्मा ने जब एसओ को मारने-पीटने से रोका, तो गालियां देते हुए उन्हें भी अपमानित करने का प्रयास किए।
सपाइयों ने सीएम समेत मनोरंजनकर राज्यमंत्री से भी फर्जी केस दर्ज कराने वाले थानेदार-दरोगा आदि के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। पत्र पर विधानसभा क्षेत्र महासचिव गयादीन यादव, सचिव जाबिर खान, पूर्व अध्यक्ष शिवबरन यादव आदि 69 सपाइयों के हस्ताक्षर हैं।