दिल्ली के निजामुद्दीन से निकले जमातियों की वजह से जिस तरह कोरोना वायरस का संक्रमण फैला उसे लेकर केंद्र से लेकर राज्य सरकारों की खुफिया एजेंसियां भी चौकन्नी हो गई हैं। यूपी एसटीएफ यह पता लगा रही है कि प्रदेश के किस जिले में कितने जमाती हैं और वह किस-किस से संपर्क में हैं।
उत्तर प्रदेश में पुलिस व प्रशासन के अधिकारी जमातियों को चिह्नित कर उनकी चिकित्सीय जांच कर संक्रमित लोगों व उनके संपर्क में आए लोगों को क्वारंटीन कर वायरस के संक्रमण को सीमित करने की कोशिश में लगे हैं। इस काम में उन्हें एसटीएफ व स्थानीय खुफिया इकाइयों से मदद लेनी पड़ रही है।
यूपी में क्वारंटीन किए गए जमातियों से या उनके नजदीकियों से संपर्क रखने की कोशिश करने वाले भी चिह्नित किए जा रहे हैं। इस काम से जुड़े एटीएस के एक अधिकारी ने बताया कि किसी बात के ठोस साक्ष्य सामने नहीं आए हैं पर पड़ताल का सिलसिला जारी है।
वहीं एसटीएफ इन जमातियों की इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के साथ ही उनके नजदीकियों पर भी नजर रखे हुए है। एसटीएफ यह जानने की कोशिश कर रही है कि दिल्ली से यूपी में कितने जमाती आए और इनमें ऐसे कितने हैं जो अभी सामने नहीं आ सके हैं। दोनों ही एजेंसियों की विभिन्न यूनिट अपने अपने कार्यक्षेत्र में आने वाले जिलों में जमातियों की सक्रियता के बारे में जानकारी जुटा रही हैं।
जांच एजेंसियों के पास दिल्ली में एकत्र हुए अधिकांश जमातियों के फोन नंबर हैं। इसके अलावा जमातियों से अभी तक हुई पूछताछ से सामने आई जानकारी को जांच का आधार बनाया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार जांच की इस प्रक्रिया में केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी यूपी की इन दोनों जांच एजेंसियों से समन्वय बनाए हुए हैं। एसटीएफ के आईजी अमिताभ यश ने कहा कि सभी जिलों में ऐसे जमातियों के बारे में जानकारी जुटा कर संबंधित जिले के पुलिस अफसरों से साझा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि शनिवार को ही गोरखपुर में ऐसे जमातियों के होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा कि एसटीएफ ने पिछले कुछ दिनों के दौरान विभिन्न जिलों में छिपे जमातियों के बारे में जानकारी जुटाई है।
एटाः जमात में शामिल होने के शक में एक ही परिवार के पांच लोग क्वारंटीन
तब्लीगी जमात में शामिल होने के शक में शनिवार को पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सकीट के मोहल्ला सराय से एक ही परिवार के पांच लेगों को क्वारंटीन कराया है। वहीं, जैथरा में कार्य कर रहे गुजरात के चार मजदूर को भी क्वारंटीन कराया गया है।
सकीट के मोहल्ला सराय निवासी एक युवक दिल्ली में तब्लीगी जमात में शामिल होने जाता है। इसकी सूचना किसी ने स्वास्थ्य विभाग को दी। जहां शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस के साथ उसके घर पहुंच गई। युवक ने बताया वह इस वर्ष जमात में शामिल नहीं हुआ है। किसी ने गलत सूचना दे दी है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम व पुलिस ने उसकी बातों को दरकिनार कर दिया।
शक के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसके परिवार के पांचों सदस्यों को सीएस अस्पताल में क्वारंटीन कराया है। वहीं, जलेसर के एक भट्ठे पर गुजरात के मजदूर काम कर रहे हैं। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची और उन्हें अपने साथ ले आई। टीम ने सीएस अस्पताल मेें क्वारंटीन कराया है। अस्पताल के नोडल डॉ. आरएन गुप्ता ने बताया कि सकीट में जमात में शामिल होने के शक के चलते पांच सदस्य आए है। वहीं गुजरात के चार मजदूर आए हैं। सभी का रविवार को सैंपल जांच को भेजा जाएगा।