नागरिकता संशोधन कानून को लेकर चल रहे विरोध के मद्देनजर पूरे उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी है। जुमे की नमाज को देखते हुए प्रदेश के नौ जिलों में इंटरनेट सेवा बंद करने का फैसला लिया गया है। इन जिलों में गाजियाबाद, बुलंदशहर, मेरठ, मुजफ्फनगर, बागपत, शामली, आगरा और फिरोजाबाद हैं। ये इलाके शुक्रवार को पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी में रहेंगे।
विगत 20 दिसंबर को जुमे की नमाज के बाद इन जिलों में जमकर उपद्रव हुआ था। उपद्रवियों ने पुलिस की कई चौकियां फूंक दी थी। इस हिंसा में कई लोगों की मौत भी हुई थी।
पुलिस ने किया पैदल मार्च
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध पर बीते शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हुए उपद्रव के मद्देनजर गुरुवार को पुलिस ने जगह जगह पैदल मार्च किया गया। जोन और सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है। धारा 144 लागू है तथा इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई है, तो स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। किसी भी तरह के प्रदर्शन, जुलूस और रैली पर पूरी तरह पाबंदी है।
बिजनौर में शुक्रवार को नमाज के बाद माहौल शांत रखने के लिहाज से जिले में 10 कंपनी पीएसी व अर्द्धसैनिक बल को लगाया गया है। विभिन्न जगह पैदल मार्च किया गया है। छह ड्रोन कैमरों से निगरानी कराई जाएगी। 250 जगह पर सीसीटीवी लगाए गए हैं। इंटरनेट सेवा गुरुवार दोपहर ही बंद कर दी गईं। स्कूलों में अवकाश किया गया है।
मुजफ्फरनगर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुजफ्फरनगर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जुमे की नमाज के बाद अधिकारी लोगों को नमाज के बाद सड़कों पर नहीं आने के लिए समझा रहे हैं। एक सप्ताह पूर्व हुए उपद्रव वाले स्थानों में मदीना चौक, कच्ची सड़क, मीनाक्षी चौक, फक्करशाह चौक व अन्य स्थलों पर भी फोर्स तैनात कर दी गई है।
इसी बीच गुरुवार को सरवट क्षेत्र में विवादित पोस्टर लगाकर कुछ लोगों ने शहर की फिजा बिगाड़ने की कोशिश की। पुलिस ने तत्काल उक्त पोस्टर उतारकर कब्जे में ले लिए।
सहारनपुर में हाई अलर्ट
सहारनपुर में जुमे की नमाज के बाद नागरिकता संशोधन कानून के विरोध को देखते हुए जिले में अलर्ट घोषित कर दिया है। गुरुवार दोपहर को ही इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। पुलिस अधिकारियों ने जिले भर में पैदल मार्च निकालकर शांति बनाए रखने की अपील की। देवबंद में जुलूस, धरना प्रदर्शन और रैली आदि पर पूर्णत: पाबंदी लगा दी गई है।