कांग्रेस जाति-धर्म के समीकरणों के बजाय महिलाओं को अपने वोट बैंक बनाने का प्रयास करेगी। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तरफ से आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘लड़की हूं-लड़ सकती हूं’ महिला मार्च का आयोजन करेगी। इसका नेतृत्व पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा करेंगी।
इस बारे में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेट्टा डिसूजा ने भी प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस करके विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ‘लड़की हूं-लड़ सकती हूं’ अभियान कांग्रेस के लिए आंदोलन है। यह सिर्फ चुनावी नारा नहीं है, बल्कि देश-प्रदेश में महिलाओं को सामाजिक-आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए शुरू किया गया आंदोलन है। इसका उद्देश्य भारतीय राजनीति में महिलाओं और उनकी आकांक्षाओं को मुख्यधारा में लाना है। इस विधानसभा चुनाव में भी पार्टी की ओर से 159 महिला उम्मीदवारों को पार्टी ने चुनाव लड़ने का मौका दिया।
डिसूजा ने बताया कि 8 मार्च को लखनऊ में दिन में 12 बजे यह मार्च 1090 चौराहे से शुरू होकर वीरांगना ऊदा देवी प्रतिमा, सिकंदरबाग पर ख़त्म होगा। इस मार्च में प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की 159 महिला उम्मीदवार भी शामिल होंगी। इसके अलावा पूरे देश से कांग्रेस पार्टी की निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों को भी इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। खेल और सिने जगत से जुड़ी महिलाओं के अलावा कांग्रेस पार्टी की महिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी शामिल होंगी।