मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने कोविड-19 संक्रमण के दोबारा फैलने की आशंका के चलते कोविड प्रोटोकाल का पालन कड़ाई से कराने के निर्देश दिए हैं। बृहस्पतिवार को उन्होंने समीक्षा बैठक में कहा कि सैंपलिंग, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग, सर्विलांस और इलाज की व्यवस्था को बेहतर बनाने की कार्ययोजना बनाई जाए।
उन्होंने कहा कि कोविड के एल-1, एल-2 व एल-3 हॉस्पिटल में कार्यरत सभी चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ वार्ड में जाते समय अपने नाम और पदनाम की पट्टिका जरूर लगाएं। निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करें। कोविड अस्पतालों में मरीजों के इलाज, भोजन, सफाई आदि सेवाओं की जांच समय-समय पर थर्ड पार्टी से अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज से कराई जाए। जिलों में नामित नोडल ऑफिसर भी समय-समय पर मरीजों से फोन पर बात कर उनका फीडबैक लें।