इंस्पेक्टर की पिटाई से घायल स्वास्थ्यकर्मी व कार।
लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार के खरगापुर में बृहस्पतिवार रात कानपुर में तैनात इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने वाइपर से छोटा भरवारा निवासी स्वास्थ्य कर्मचारी रविंद्र शुक्ला को पीट दिया। पिटाई से उनका सिर फट गया। मामले में गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
रवींद्र के मुताबिक बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे वह परिवार के साथ कार से कहीं जा रहे थे। गोमतीनगर विस्तार में आरोपी की कार उनकी गाड़ी से टकरा गई। आरोप है कि रुकने के बजाय इंस्पेक्टर ने उनकी कार पर ईंट मारी और वहां से निकल गए। ऐसे में वह पीछा कर इंस्पेक्टर के खरगापुर स्थित घर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने टक्कर लगने का विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने वाइपर से उनका सिर फोड़ दिया। वहां से निकलकर रवींद्र गोमतीनगर विस्तार थाने पहुंचे और शिकायत की। एडीसीपी पूर्वी अमित कुमावत के मुताबिक पीड़ित की तहरीर पर गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने इंस्पेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले की तफ्तीश की जा रही है, जो भी साक्ष्य सामने आएंगे उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इंस्पेक्टर की पिटाई से घायल स्वास्थ्यकर्मी व कार।