फूड प्रोसेसिंग, वेयर हाउसिंग और डिफेंस टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश में असीमित संभावनाएं मौजूद हैं। एमएसएमई और ओडीओपी में भी अपार संभावनाएं हैं। यूएसआईबीसी की प्रेसिडेंट निशा बिस्वाल ने कहा कि अमेरिका के उद्योगपति भारत में सप्लाई चेन की स्थापना के लिए कार्य करना चाहते हैं। यूएसआईबीसी के एक अन्य सदस्य ने अपनी कंपनी जैकब्स इंजीनियरिंग की ओर से निवेश में रुचि दिखाई।
एक अन्य बैठक में सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग (एसआईडीएम) के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री जी से मिलकर निवेश की इच्छा जताई। बता दें कि एसआईडीएम नॉलेज पार्टनर के रूप में यूपीडा से जुड़ा है।
भेंट के दौरान तीनों प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को मुख्यमंत्री ने ओडीओपी उत्पाद भेंट किए। यूक्रेन के राजदूत ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह के रूप में गदा भेंट की। इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह और यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल भी मौजूद रहे।
महीने के अंत तक क्लियर कर दिए जाएंगे एमओयू
यूपीडा के सीईओ अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि प्रदेश से 2 इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, 2 फ्रेट कॉरिडोर और 1 वाटर-वे गुजरते हैं। रक्षा उत्पादन से जुड़ी सर्वाधिक इकाइयां हमारे राज्य में हैं। इनमें 9 ऑर्डिनेंस फैक्टरी और एचएएल की 3 इकाइयां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर के संबंध में डिफेंस एक्सपो-2020 के दौरान हस्ताक्षरित होने वाले एमओयू को इस माह के अंत तक क्लियर कर दिया जाएगा।