लखनऊ में अमौसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इंडिगो एयरलाइंस की बंगलूरू जा रही फ्लाइट से एक पक्षी टकरा गया। हालांकि पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को वापस एयरपोर्ट पर लैंड कराया, जिससे 180 यात्रियों की जान बच सकी।
करीब एक घंटे बाद यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से बंगलूरू भेजा गया। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से बंगलूरू के लिए इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6ई-541 रविवार सुबह 6.05 बजे रवाना हुई।
टेक ऑफ के तुरंत बाद हवा में एक पक्षी विमान से टकरा गया। सूत्रों की मानें तो पक्षी डैनों से टकराया था, जिससे हुए कंपन से गड़बड़ी की आशंका पैदा हुई। पायलट ने हादसे से बचने के लिए विमान को वापस अमौसी एयरपोर्ट पर लैंड कराने की अनुमति एटीसी से मांगी।
उधर, अमौसी एयरपोर्ट पर विमान से पक्षी टकराने की सूचना से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सुरक्षा केसभी इंतजाम कर लिए गए। कुछ देर बाद विमान की सकुशल लैंडिंग के बाद यात्रियों व एयरपोर्ट प्रशासन ने राहत की सांस ली।