यूपी व अन्य राज्यों में सक्रिय आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिदीन अब इराक के बर्बर आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़ने की कोशिश में है। खुफिया एजेंसियों को तीन दिन पहले इसके सुबूत हाथ लगे, जब बर्दवान विस्फोट के एक आरोपी खालिद को हैदराबाद से दबोचा गया।
जमात-ए-मुजाहिदीन-बांग्लादेश (जेएमबी) से जुड़े आतंकी खालिद के पास से आईएसआईएस के प्रचार-प्रसार के दस्तावेज भी बरामद हुए। एनआईए के सूत्रों के मुताबिक विस्फोटक बनाने में माहिर खालिद अपने संगठन के सदस्यों को इसका प्रशिक्षण देने के साथ ही जेएमबी, आईएम व आईएसआईएस के बीच संपर्क का माध्यम बना हुआ था।
मूल रूप से म्यांमार निवासी खालिद फर्जी प्रमाण पत्रों से बनाए गए दस्तावेजों के सहारे हैदराबाद में छिपकर रह रहा था। इस बीच वह कई बार दिल्ली भी आया था।
एनआईए पड़ताल कर रही है कि दिल्ली में वह किस-किसके संपर्क में था। एनआईए ने खालिद के पास से प्रचार सामग्री और विस्फोटक बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।