शहर का अटल बिहारी वाजपेयी इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम लगभग साढ़े तीन साल के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के मुकाबले की मेजबानी करने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की बात की जाए तो लखनऊ के इकाना स्टेडियम को अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने वर्ष 2019 में अपना होम ग्राउंड बनाया था। इस दौरान छह नवंबर से एक दिसंबर तक अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच तीन वनडे, तीन टी-20 और एक टेस्ट मैच खेला गया।
इस सीरीज के सफल आयोजन के बाद इकाना स्टेडियम में 15 मार्च 2020 को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच एक वनडे मैच की मेजबानी भी मिली, लेकिन कोरोना के बढ़ते प्रकोप के चलते मुकाबले से एक दिन पहले पूरी सीरीज रद्द हो गई और लखनऊ के हाथों से यह सुनहरा मौका निकल गया। सोमवार को बीसीसीआई के घरेलू कैलेंडर में टी-20 मैच की मेजबानी मिलने से स्टेडियम को एक बार फिर बड़ा मौका मिला है।
‘हमारा पूरा प्रयास होगा कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच यहां हुए पहले टी-20 मैच की तरह अगले साल 15 मार्च को होने वाले मैच का आयोजन सफल रहेगा। मुकाबले के लिए स्टेडियम पूरी तरह तैयार है। उम्मीद है कि लखनऊ में होने वाला यह मुकाबला दर्शकों के लिए यादगार रहेगा।’ उदय सिन्हा (इकाना स्टेडियम के मैनेजिंग डायरेक्टर)