मैं देश की सुरक्षा के लिए शहीद होने वाले उन सभी सपूतों को कृतज्ञतापूर्वक स्मरण करते हुए, विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। सीएम ने कहा कि मैं इस अवसर पर भारत माता के उन सभी सैनिकों को कोटि-कोटि नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने देश की स्वाधीनता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए अपना बलिदान दिया है।
सीएम योगी ने कहा कि कोविड-19 के खिलाफ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस प्रकार से व्यवस्थित रूप में कार्ययोजना प्रारम्भ हुई, उसी का परिणाम है कि दुनिया के अन्य देशों की तुलना में भारत, सुरक्षित और संतोषजनक स्थिति में है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब देश हर्षोल्लास के साथ अपना 74वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है तो दूसरी ओर हम सबके सामने वैश्विक महामारी कोविड-19 की त्रासदी भी है। सीएम ने कहा कि मैं इस अवसर पर हृदय से इन सभी का अभिनंदन करता हूं। जिन लोगों ने दूसरों की सेवा व जान बचाते हुए, संकमण की वजह से अपनी जान गंवाई है, ऐसे सभी कोरोना वॉरियर्स को भी मैं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 के खिलाफ देश की इस लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए कोरोना वॉरियर्स के रूप में हमारे जनप्रतिनिधियों, शासन-प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, स्वच्छताकर्मियों, पुलिस और मिलिट्री से जुड़े जवानों ने सराहनीय कार्य किया है।
सीएम योगी ने कहा कि जब देश 74वां स्वाधीनता दिवस मना रहा है, तब स्वाभाविक रूप से हम सबको देश की स्वाधीनता के महत्व को समझना होगा और इस स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए सार्थक प्रयास, प्रत्येक भारतवासी के स्तर पर हो सकते हैं, इसका भी अवश्य ध्यान रखना होगा।
इससे पहले सीएम योगी ट्वीट कर स्वतंत्रता दिवस की सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा-74वें स्वतंत्रता दिवस की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।
अप्रतिम त्याग और बलिदान से मां भारती को ब्रितानी परतंत्रता से मुक्त कराने वाले हुतात्माओं को कोटिशः नमन। आइए, हम सभी आज के पावन अवसर पर 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत-समावेशी भारत' के निर्माण हेतु संकल्पित हों।
जय हिंद!
राजधानी लखनऊ स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने झंडा फहराया। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यूपी के मेरठ जिले में मुख्य विकास अधिकारी, विकास भवन में झंडा फहराया गया।
मैनपुरी में जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण किया।
एटा कलेक्ट्रेट में सुबह 9 बजे जिलाधीकारी ने तिरंगा फहराया, वहीं पुलिस लाइन में एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद पुलिस के जवानों को सम्मानित भी किया।
फिरोजाबाद में स्वाधीनता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। सादगी के साथ सभी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्ट्रेट पर जिला अधिकारी चंद्र विजय सिंह ने ध्वजारोहण किया। शिक्षण संस्थाओं में भी ध्वजारोहण किए गए हैं। सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण किए गए हैं। आयोजनों में भीड़ एकत्रित नहीं की गई है।