रेलवे की ओर से जनरल, स्लीपर, एसी श्रेणियों का बढ़ा हुआ किराया बुधवार से लागू कर दिया गया। चारबाग रेलवे स्टेशन से वाराणसी, प्रतापगढ़, कानपुर आदि रेलवे स्टेशनों के जनरल टिकटों के लिए यात्रियों को बढ़ी दरों से भुगतान करना पड़ा।
वहीं रिजर्वेशन वाले टिकटों पर भी नई दरों से भुगतान लिए गए। सेंटर फॉर रेलवे इन्फार्मेशन सिस्टम (क्रिस) पर बढ़े किराए की फीडिंग भी कर दी गई है। रेलवे प्रशासन की ओर से बढ़ा किराया लागू करने के बाद जनरल क्लास का किराया 15 रुपये तक महंगा हो गया है।
वहीं एसी व स्लीपर क्लास का बढ़ा किराया राउंड फीगर में तय किया गया है। मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में जनरल श्रेणी के किराए में एक पैसा प्रति किलोमीटर की वृद्धि की गई है। इससे लखनऊ से कोटा का किराया जो पहले 185 रुपये था, वह बढ़कर 200 रुपये हो गया है।
वहीं लखनऊ से नई दिल्ली वाया कानपुर का किराया 155 रुपये से बढ़कर165 रुपये व लखनऊ से नई दिल्ली वाया मुरादाबाद का किराया 150 से बढ़कर 160 रुपये कर दिया गया।