लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी के नया पुरवा में बुधवार रात को धर्मेंद्र रावत उर्फ टिड्डा की हत्या उसकी महिला दोस्त ने अपने प्रेमी संग मिलकर की थी। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। इस मामले में महिला दोस्त विद्या गौतम निवासी सुबेहा गुसियामऊ बाराबंकी, उसके प्रेमी धोधनखेड़ा निवासी ज्ञानी उर्फ प्रेम प्रकाश और एक अन्य साथी नया पुरवा निवासी हरिकेश रावत को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक सुशांत गोल्फ सिटी विजयेंद्र सिंह के मुताबिक, नया पुरवा निवासी धर्मेंद्र रावत उर्फ टिड्डा का प्रेम संबंध विद्या गौतम से था। वह विद्या से विवाह की तैयारी करने लगा था। इसी बीच उसने विद्या की मुलाकात करीबी दोस्त ज्ञानी उर्फ प्रेम प्रकाश से कराई। इसके बाद विद्या और ज्ञानी के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। इन दोनों के बीच भी नजदीकी शादी तक पहुंच गई। दोनों के बीच ट्डिडा रोड़ा बन रहा था।
इसी को लेकर बुधवार शाम ज्ञानी व विद्या टिड्डा के घर पहुंचे और साथ बैठकर शराब पी। रात करीब दस बजे टिड्डा के नशे में हो जाने पर ज्ञानी ने हथौड़े से टिड्डा केसिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर उसे मार डाला। इसके बाद उसने अपने साथी हरिकेश को बुलाकर शव को ले जाकर गांव की सुनसान गली में फेंक दिया। प्रभारी निरीक्षक विजयेंद्र सिंह के मुताबिक, तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथौड़े को भी बरामद कर लिया है।