लखनऊ। ठाकुरगंज के तहसीनगंज में मंगलवार रात एक स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में कार डिवाइडर में जा घुसी। हादसे में डिवाइडर में लगे लोहे के एंगल कार का शीशा तोड़कर व्यापारी आमिर (28) के शरीर में जा घुसा। व्यापारी व उसकेसाथियों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया जहां आमिर की मौत हो गई। वहीं दोनों साथियों का इलाज चल रहा है।
प्रभारी निरीक्षक ठाकुरगंज सुनील कुमार दुबे के मुताबिक, कैंपवेल रोड निवासी आमिर का घर में ही दोना-पत्तल का कारखाना है। मंगलवार रात वह पड़ोसी मूसा की कार से दोस्त जैद के साथ चौक इलाके में शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात तीनों कार से लौट रहे थे। इस बीच तहसीनगंज में तेज रफ्तार कार, स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हो गई।
कार डिवाइडर से टकराकर सड़क किनारे लगे एंगल में घुस गई। लोहे के एंगल कार के शीशों को भेदते हुए आमिर के घुस गए। ट्रॉमा में डॉक्टरों ने आमिर को मृत घोषित कर दिया जबकि जैद और मूसा की हालत नाजुक है। आमिर के भाई इरशाद अली ने बताया कि भाई का घर पर ही थर्माकोल के दोना-पत्तल बनाने का कारखाना है।