दरोगा के 4010 पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा पास करने वालों की रविवार को लिखित परीक्षा हुई। परीक्षा में 15 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हुए।
अक्तूबर में लिखित परीक्षा का परिणाम आने के बाद सफल अभ्यर्थियों को नवंबर-दिसंबर में ग्रुप डिस्कशन (जीडी) टेस्ट का सामना करना होगा। फाइनल रिजल्ट जनवरी में आएगा।
गौरतलब है कि सिविल पुलिस में दारोगा के 3698 व पीएसी में प्लाटून कमांडर के 312 पदों को सीधी भर्ती से भरे जाने के लिए यह परीक्षा दो साल पहले होनी थी, लेकिन दौड़ की दूरी को लेकर नियमावली में हुए संशोधन के कारण इसमें कानूनी अड़चन आ गई थी।
शुरुआत में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 10 किलोमीटर की दौड़ की बाध्यता और महिला अभ्यर्थियों के लिए 35 मिनट में पांच किलोमीटर की बाध्यता रखी गई थी, जिसे नियमावली में संशोधन के जरिये कम कर दिया गया था।
मामला अदालत में पहुंचने पर पूर्व में प्रभावी नियमों के तहत ही भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए थे।
20 नंबर का होगा जीडी
लखनऊ, कानपुर, बरेली, मेरठ, वाराणसी, इलाहाबाद, आगरा और गोरखपुर जोन के 25 केंद्रों पर रविवार को यह परीक्षा हुई। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के आईजी अनिल अग्रवाल का दावा है कि परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। किसी भी केंद्र पर किसी तरह की अनियमितता की सूचना बोर्ड के पास नहीं आई है।
उन्होंने बताया कि लिखित परीक्षा के लिए कुल 15,777 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र भेजे गए थे। 99 फीसदी से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा दो पालियों में हुई। परीक्षा के नतीजे अक्तूबर तक आ जाएंगे।
आईजी अनिल अग्रवाल ने बताया कि लिखित परीक्षा के आधार पर जीडी टेस्ट के लिए चयन होगा। जीडी टेस्ट नवंबर-दिसंबर में होगा।
यह टेस्ट 20 नंबर का होगा। सीटों के मुकाबले तीन गुना अभ्यर्थियों को जीडी टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। इस हिसाब से 12,030 अभ्यर्थियों को इस टेस्ट का सामना करना पड़ेगा। फाइनल रिजल्ट जनवरी तक आ जाएंगे।