लखनऊ। आशियाना स्थित पी-4 पार्किंग में चेकिंग में पकड़े गए वाहनों को हटाने के लिए नगरीय परिवहन निदेशालय ने पत्र लिखा है। इस जगह पर सिटी बसों के लिए स्टेशन बनाया जाना है। जगह खाली होने पर निर्माण कार्य को लेकर तैयारियां की जा सकेंगी।
परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमें जब लखनऊ में वाहनों की चेकिंग करती है तो पकड़े जाने वाले वाहनों को आशियाना स्थित पी-4 पार्किंग में ही खड़ी कराती हैं। यह प्रवर्तन टीम के लिए यार्ड है, लेकिन हाल ही में नगरीय परिवहन निदेशालय ने पी-4 पार्किंग में सिटी बसों के लिए स्टेशन बनाने की योजना तैयार की है। यहां से सिटी बसों का संचालन होगा, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
अब इस योजना को अमलीजामा पहनाया जाना है, लिहाजा प्रवर्तन दलों से यार्ड में खड़े वाहनों को हटाने के लिए कहा गया है। वाहन हटने पर निर्माण संबंधित कामकाज हो सकेंगे।
वहीं, सूत्र बताते हैं कि पी-4 पार्किंग खाली करने के लिए परिवहन विभाग के सामने संकट है। लखनऊ में पहले ही यार्डों की कमी है, जिससे वाहनों की चेकिंग का काम प्रभावित होता है। ऐसे में पार्किंग से वाहनों को हटाकर अफसर कहां ले जाएंगे, इसे लेकर परिवहन विभाग में मुख्यालय स्तर पर मंथन शुरू हो गया है। आरटीओ, प्रवर्तन प्रभात कुमार पांडेय ने बताया कि पी-4 पार्किंग में खड़े वाहनों को हटाने के लिए कहा गया है। वाहनों को कहां ले जाना है, इस पर मंथन हो रहा है।