पूर्व केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा कांग्रेस नेतृत्व से नाराजगी और सपा से नजदीकियों की अटकलें खारिज करते हैं। कहते हैं, सोनिया और राहुल गांधी से मतभेद नहीं है। मेरे कांग्रेसी होने पर संदेह न करें। तबियत खराब होने से दिल्ली की बैठक में नहीं गया।
बेनी ने ‘अमर उजाला’ से बातचीत में कहा कि प्रदेश के 40-50 कांग्रेसी दिल्ली गए हैं। यह जनरल बॉडी मीटिंग जैसी है। मेरी तबियत ठीक नहीं, इसलिए नहीं गया। मीटिंग में जो होगा, पता लग जाएगा। इस संबंध में दिल्ली से कोई फोन या पत्र नहीं आया था। पीसीसी से जरूर एक नेता का फोन आया।
उन्होंने कहा, मेरे सोनिया और राहुल से मतभेद नहीं हैं। लोकल लेवल पर छोटे मोटे मतभेद सभी दलों में रहते हैं। मैं पदलोलुप नहीं हूं। यह बात सच है कि मैं सपा का फाउंडर मेंबर हूं, 30-35 साल हम और मुलायम सिंह साथ रहे।
मुलायम ने मुझे सपा से निकाला नहीं था। कुछ मतभेद के कारण मैं ही अलग हुआ था। पहले अपनी पार्टी बनाई और फिर कांग्रेस में शामिल हुआ। कांग्रेस में तब गया जब प्रदेश में उसका कुछ नहीं था।