भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने सोमवार को अपनी ही पार्टी को कटघरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने एलान किया कि जब तक अयोध्या में राम जन्म भूमि पर भव्य मंदिर नहीं बनेगा तब तक वह दिवाली और होली का जश्न नहीं मनाएंगे।
उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम राम हिंदुओं के साथ ही पूरे विश्व के भगवान हैं। वह टाट और टेंट में रहें और हम एयरकंडीशंड में रहें, अब यह नहीं चलेगा। मंदिर के लिए अगर खून का एक-एक कतरा भी देना पड़ा तो पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार को राम मंदिर बनाने के लिए आगे आना चाहिए। देश का हिंदू इस समय अपने आप को असहाय महसूस कर रहा है, लेकिन अभी भी हिंदू समाज को पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम योगी पर विश्वास है। उन्होंने सवाल किया कि अगर राम मंदिर भारत में नहीं बनेगा तो क्या पाकिस्तान में बनेगा।