सीतापुर के सकरन थाना क्षेत्र के एक गांव में दहेज में बाइक न मिलने पर एक महिला को पहले उसके पति ने तीन तलाक दे दिया, इसके बाद हलाला के नाम पर उसे दूसरे युवक से संबंध बनाने के लिए एक कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि उस युवक ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, देवर सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
सकरन थाना क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि उसका निकाह 24 मार्च 2016 को क्षेत्र के ही निवासी युवक से हुआ था। निकाह के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में बाइक मांग रहे थे। बाइक न मिलने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था।
आरोप है कि दो जून 2019 को ससुराल वालों ने दहेज में बाइक न मिलने की बात को लेकर उसे लाठी-डंडे से पीटा। इसके बाद पति ने तीन तलाक देकर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता ने उसी दिन सकरन थाने में तहरीर दी।