लखनऊ। सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुविधा के लिए शुरू की गई ऑनलाइन लैब रिपोर्ट व्यवस्था फिर पटरी से उतर गई है। कई महीनों से मरीजों के मोबाइल पर जांच रिपोर्ट का मेसेज नहीं पहुंच रहा, जिससे उन्हें दोबारा अस्पताल की लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।
पहले व्यवस्था यह थी कि पैथोलॉजी में खून का नमूना देने के बाद, रिपोर्ट तैयार होते ही पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक लिंक आता था। लिंक पर क्लिक करते ही मरीज पूरी रिपोर्ट डाउनलोड कर लेते थे, लेकिन अब 24 से 48 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई मेसेज नहीं आ रहा।
इस तकनीकी खराबी का सबसे बुरा असर दूर-दराज के इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों पर पड़ रहा है। पहले जांच कराने और फिर रिपोर्ट के लिए उन्हें दोबारा किराया खर्च कर अस्पताल आना पड़ता है और लंबी लाइन में लगना पड़ता है। इससे मरीजों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है। मामले में बलरामपुर अस्पताल के सीएमएस हिमांशु चतुर्वेदी का कहना है कि तकनीकी खामी के कारण मेसेज भेजने की प्रक्रिया प्रभावित हुई है। इस समस्या को जल्द दूर कराया जाएगा।