फोटो-2-बलरामपुर के जिला संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण करते सीएमओ डा. विजय
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। शासन के निर्देश पर सीएमओ ने बीते दिन संयुक्त जिला चिकित्सालय में ओपीडी सेवा शुरू कर दी है। 11 मरीजों का परीक्षण कर उपचार के लिए उचित परामर्श दिया। जिला मेमोरियल चिकित्सालय के सीएमएस ने भी ओपीडी शुरू करते हुए 42 मरीजों की जांच एवं दो ऑपरेशन भी किया है।
आम जनमानस को बेहतर चिकित्सकीय सुविधा प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक पदों पर तैनात मंडलीय अस्पतालों के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक तथा जिला स्तर पर सीएमओ व सीएमएस सहित अन्य चिकित्साधिकारियों को प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ सप्ताह में तीन दिन दो घंटे चिकित्सकीय कार्य करने का निर्देश दिया है।
शासन के निर्देश पर सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह ने गुरुवार को संयुक्त जिला अस्पताल में ओपीडी करते हुए 11 मरीजों का परीक्षण किया। सभी मरीजों को उपचार के लिए उचित परामर्श देते हुए दवाएं लिखी। ओपीडी में आए मरीजों को कोविड 19 का टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया। साथ ही साथ कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने की नसीहत भी दी। सीएमओ ने बताया कि जिले के सभी एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ व जिला अस्पतालों के सीएमएस को ओपीडी करने का निर्देश दिया गया है।
सभी लोगों ने ओपीडी शुरू कर दी है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा ओपीडी करने से मरीजों को काफी सहूलियत मिलेगी। जिला मेमोरियल चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. एके श्रीवास्तव ने भी अस्पताल में ओपीडी करते हुए 42 मरीजों का परीक्षण किया। सभी मरीजों को दवा प्रदान करते हुए कोरोना का टीका लगवाने तथा कोविड प्रोटोकाल का पालन करने का सुझाव दिया। ओपीडी के बाद सीएमएस ने दो मरीजों का ऑपरेशन भी किया। संयुक्त जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. नानक सरन ने बताया कि गुरुवार को वह अवकाश पर थे। अवकाश से लौटने पर वह ओपीडी करेंगे।