अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के बाद रामलला अपनी पहली होली मना रहे हैं। उनकी मोहक मूर्ति को फूलों से सजाया गया है। माथे पर गुलाल लगाया गया है। गुलाबी पोशाक पहने रामलला की मूर्ति आकर्षित कर रही है। रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलला के दरबार पहुंचे और अपने आराध्य के दर्शन कर कृतार्थ हुए। रामलला की होली के लिए मंदिर की ओर से विशेष तैयारी की गई है।
देशभर में आज रंगों का त्योहार होली मनाया जा रहा है। पर्व का उत्साह तो कई दिनों से दिख रहा था और आज रंग बरसने वाले हैं। धर्मनगरी अयोध्या में कई दिनों पहले से उत्सव का माहौल है। इसलिए कि इस बार की होली खास है।
अयोध्या के साथ ही देश-दुनिया में फैले तमाम रामभक्तों के लिए भी इस बार की होली खास है। हर कोई होली के साथ ही रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के रंग और उत्साह से भरा है। इसीलिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इस बार की होली के लिए व्यापक प्रबंध किये हैं। उधर, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने रामलला के लिए खास हर्बल गुलाल भेजा है।
होली पर किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए सरकारी अस्पतालों व संस्थानों में 200 बेड रिजर्व किए गए हैं। इमरजेंसी में डॉक्टर व स्टॉफ की ड्यूटी तय कर जरूरी दवाओं की व्यवस्था कर दी गई है। सरकारी एंबुलेंस को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। बलरामपुर अस्पताल के निदेशक डॉ. पवन कुमार ने बताया होली त्योहार को लेकर एसएसबी ब्लॉक के प्रथम तल में 50 बेड आरक्षित किए गए हैं। विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि हर विभाग से एक-एक चिकित्सक इमरजेंसी ओपीडी में मौजूद रहे। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेश श्रीवास्तव का कहना है कि रंगोत्सव 25 से अधिक इमरजेंसी में बेड रिजर्व हैं। केजीएमयू ट्रॉमा प्रभारी डॉ. संदीप तिवारी ने बताया ट्रॉमा सेंटर में 40 से ज्यादा बेड रिजर्व रहेंगे। लोहिया संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह के मुताबिक 20 से अधिक बेड आरक्षित हैं।