पारा (लखनऊ)। क्षेत्र के मोहान रोड स्थित आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक सोमवार सुबह आठ बजे डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में ट्रक सवार मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक में पांच लोग सवार थे। हादसे के बाद चालक भाग निकला।
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के अनुसार बिहार के सहरसा जिले के खजुरा निवासी बबलू राम (35) दिल्ली में रहकर मजदूरी करते थे। वह साथियों भरत शाह, राशिद और दो अन्य के साथ ट्रक में सवार होकर बिहार जा रहे थे। रविवार सुबह आगरा एक्सप्रेसवे से उतरते ही ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में बबलू, भरत और राशिद घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने बबलू को मृत घोषित कर दिया। परिवार के भतीजे रविश कुमार के मुताबिक परिवार में पिता सरवन, पत्नी अनिता और तीन बच्चे हैं। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।