सरोजनीनगर। बंथरा में रविवार को एक बार फिर लखनऊ-कानपुर हाईवे पर जाम लग गया। आलम यह था कि जाम बंथरा थाने तक पहुंच गया। देर शाम छह बजे तक लोग इस समस्या से जूझते रहे। जाम लगने का मुख्य कारण यहां लगने वाली साप्ताहिक बाजार है।
लखनऊ-कानपुर हाईवे की लेन पर जाम लगने पर लोग दूसरी लेन से निकलने लगे। इससे वहां जाम की स्थिति बन गई। यातायात व्यवस्था पटरी पर लाने के लिए कस्बे में ट्रैफिक पुलिस के अलावा बंथरा थाने की पुलिस भी तैनात रही, मगर उनके पसीने छूट गए थे।
ये है जाम लगने का कराण
लखनऊ-कानपुर हाईवे को एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है। सरोजनीनगर से बनी तक करीब 13 किमी ओवरब्रिज बन रहा है। ब्रिज निर्माण के लिए बंथरा कस्बे में पिलर बनाए जा रहे हैं। निर्माण के चलते कस्बे में लोहे की रेलिंग लगाई गई है, जिससे कस्बा दो हिस्सों में बंट गया है। ऐसे में जब साप्ताहिक बाजार लगती है तो भीड़ अधिक हो जाती है। यहां तिराहे से ही अंदर बाजार आने-जाने का रास्ता है। इस रास्ते से जब गाड़ियां हाईवे पर पहुंचती है तो कुछ देर के के लिए कानपुर रोड का ट्रैफिक भी रुक जाता है। कस्बे में अन्य तमाम वाहन भी सड़क पर ही खड़े रहते हैं।