लखनऊ। सरकारी अस्पतालों में लगे फायर उपकरणों की जांच के लिए रविवार को डीजी हेल्थ, एडी मंडल व बिजली टीम ने कई अस्पतालों का निरीक्षण कर कोना-कोना चेक किया। टीम ने स्मोक अलार्म व वायरिंग समेत कई बिंदुओं पर गहनता से जांच करके रिपोर्ट बनाई है। ये रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
डीजी हेल्थ डॉ. ब्रजेश राठौर व एडी मंडल डॉ. जीपी गुप्ता, बिजली विभाग के रवि कुमार ने बलरामपुर अस्पताल का निरीक्षण किया। इमरजेंसी, सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक, बाल रोग समेत अन्य वार्ड में फायर उपकरणों की जांच की। सभी जगह पर अग्निशामक यंत्र ठीक मिले। इस दौरान मॉकड्रिल व प्रशिक्षण कार्यक्रम भी हुआ। अग्निशामक यंत्र व होजरील को चलाकर दिखाया गया।
सिविल अस्पताल में पहुंचकर उन्होंने जल्द ही बाल रोग विभाग में आग बुझाने के लिए अग्निशमन उपकरण लगवाने, सुधार करवाने के निर्देश दिए। लोकबंधु, ठाकुरगंज टीबी संयुक्त अस्पताल, बीआरडी महानगर, रामसागर मिश्र 100 बेड समेत कई अस्पतालों में पहुंचकर जांच करवाई। हजरतगंज में झलकारी बाई, वीरागंना अवंतीबाई महिला, राजाजीपुरम रानी लक्ष्मीबाई समेत अन्य महिला अस्पतालों में निरीक्षण किया। यहां के बाल रोग विभाग, एसएनसीयू, एनआईसीयू समेत दूसरे वार्ड में लगे फायर उपकरणों की जांच हुई। डीजी हेल्थ के मुताबिक, जिन जगह पर जो खामियां मिली हैं उन्हें दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।