राजधानी के युवाओं के सामने आईटी सेक्टर जल्द ही हजारों अवसर लेकर आ रहा है। इसे मूर्तरूप देने के लिए लखनऊ में बन रही आईटी सिटी में एचसीएल अपना बिजनेस ऑपरेशन शुरू करने जा रहा है।
इसके लिए वह ट्रेनिंग एंड हायरिंग प्रोग्राम शुरू कर रहा है। इससे लखनऊ के युवाओं को नौकरी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इसके लिए एचसीएल ने साक्षात्कार का दौर शुरू कर दिया है।
एचसीएल के एक अधिकारी ने बताया कि इस तरह के ट्रेनिंग प्रोग्राम कंपनी की ओर से आयोजित किया जाता रहा है, लेकिन लखनऊ में यहां के लोगों के लिए यह पहली बार है। यह ट्रेनिंग प्रोग्राम एक नवंबर से शुरू हो सकता है।
इसके लिए आईटी सिटी में करीब 10 एकड़ क्षेत्र में स्किल डवलपमेंट सेंटर तैयार किया जा रहा है। इसमें हर साल पांच हजार युवाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी। पहले चरण में एक हजार युवाओं को ट्रेनिंग देने का लक्ष्य है।
इस संबंध में बीते दिनों आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के प्रमुख सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने आईटी सिटी का दौरा कर काम का मूल्यांकन किया था। पीपीपी मोड में बनवाई जा रही है एचसीएल आईटी सिटी में 75 हजार लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।