लखनऊ। मड़ियांव इलाके में सोमवार रात दुकान से सामान लेकर घर जा रही युवती से सरेराह कुछ शोहदों ने छेड़खानी की। इसकी जानकारी पिता को हुई, तो विरोध किया। जिस पर शोहदों ने पीड़िता के पिता की पिटाई कर दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़िता की तहरीर पर मड़ियांव थाने में पुलिस ने आसिफ, सादिक और उसके अन्य साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़िता के मुताबिक, सोमवार देर शाम करीब 9 बजे वह घर के पास स्थित दुकान से सामान लेकर लौट रही थी। इस बीच रास्ते में खड़े आसिफ, सादिक व उनके तीन-चार साथी वहां पर खड़े थे। पीड़िता जैसे ही वहां से निकली तो सभी उससे अभद्रता करने लगे। इसके बाद हाथ पकड़कर खींचने लगे। विरोध किया तो छेड़खानी शुरू कर दी। इस पर पीड़िता ने जानकारी पिता को दी। पीड़िता के पिता ने छेड़खानी का विरोध किया तो शोहदों ने मिलकर पीड़िता के पिता को ईंट से जमकर पीट दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंचने से पहले ही शोहदे भाग गए। प्रभारी निरीक्षक मड़ियांव के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।