लखनऊ। गोमतीनगर इलाके में गोमती नदी में मंगलवार देर रात आशियाना निवासी युवती शालिनी मौर्या (18) ने दोस्त को मोबाइल देकर छलांग लगा दी। कूदते ही उसके साथ अन्य कर्मियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। पुलिस ने दूसरे दिन बुधवार सुबह शव नदी में उतराता मिला। वहीं स्थानीय लोगों की जानकारी के अनुसार कूदने से पहले युवती का फोन पर किसी से विवाद हो रहा था और फोन दोस्त को थमा कर नदी में कूद गई। पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, आशियाना निवासी शालिनी मौर्या शादियों में वेटर का काम करती थी। मंगलवार देर रात एक शादी समारोह से लौट रही थी। गोमती पुलिस के पास पहुंचकर वह पुल के किनारे खड़ी हो गई। इसके बाद दोस्त को फोन देकर कूदने लगी। इसपर दोस्त ने रोकने के प्रयास किया, लेकिन उसको धक्का देकर वह कूद गई। साथ में मौजूद अन्य साथियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रातभर गोताखोरों की मदद से खोजने की कोशिश की, लेकिन तलाश नहीं कर पाई। बुधवार सुबह शव नदी में उतराता मिला।
थाना प्रभारी गोमतीनगर केके तिवारी के मुताबिक, आत्महत्या का कारण पता नहीं चल सका है। परिवारीजनों ने न तो कोई तहरीर दी है, न तो किसी प्रकार का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवारीजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिवारीजनों ने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।