उत्तर प्रदेश के सभी 16,461 मदरसों में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को सवेरे आठ बजे झंडारोहण होगा। मदरसा बोर्ड के रजिस्ट्रार एसएन पांडेय ने इस बाबत गाइडलाइन जारी कर दिया। हालांकि बीते साल कार्यक्रमों में वीडियोग्राफी को लेकर हुए विवाद को देखते हुए इस बार गाइडलाइन में वीडियोग्राफी कराने का जिक्र नहीं किया है।
गाइडलाइन के मुताबिक सुबह 8 बजे झंडारोहण और राष्ट्रगान होंगे। इसके बाद 8:10 बजे स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला जाएगा। इसके बाद मदरसों के विद्यार्थी राष्ट्रीय गीतों की प्रस्तुति देंगे। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व शहीदों के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त इस मौके पर मदरसा परिसर में पौधरोपण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद प्रतियोगिता कराने को कहा गया है।
गाइडलाइन में सभी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारियों को मदरसों से इन कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट लेकर सप्ताह भर के भीतर बोर्ड को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।