गोसाईगंज। सुशांत गोल्फ सिटी के खुर्दही स्थित मारुति सुजुकी की वर्कशॉप में रविवार दोपहर सिक्योरिटी गार्ड ने 12 साथियों के साथ मिलकर चिनहट के श्रीराम विहार कॉलोनी निवासी सर्विस मैनेजर संतोष को पीट दिया। आरोपियों ने गला दबाकर हत्या का प्रयास भी किया। गार्ड पर उनकी चेन लूटने का भी आरोप है। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 12:20 बजे सिक्योरिटी गार्ड संदीप रावत गुटखा खाकर कंपनी पहुंचा था। यह देख संतोष ने उसे फटकार लगाई थी। इससे संदीप आक्रोशित हो गया और कॉल कर 11 साथियों को बुला लिया। कुछ देर में पहुंचे साथियों और कर्मचारी राम कैलाश के साथ संदीप ने लात-घूंसों से संतोष को पीटना शुरू कर दिया। तभी आरोपियों की नजर सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी तो वे मैनेजर को पीटते हुए गेट के बाहर ले गए। आरोपियों ने वर्कशॉप में तोड़फोड़ की और धमकाते हुए भाग निकले। डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।