महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर शहरों में चलने वाले ऑटो को ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (जीपीएस)और इमरजेंसी बटन से लैस करने की तैयारी है। खतरे की स्थिति में महिलाएं इस बटन को दबाकर मदद मांग सकेंगी। सार्वजनिक उपयोग के वाहनों में जीपीएस लगाने के लिए परिवहन विभाग नियमावली में जरूरी संशोधन करने का प्रस्ताव तैयार कर रहा है।
शहरों में खासकर सार्वजनिक उपयोग के वाहनों में महिलाएं सुरक्षित महसूस नहीं करतीं। आए दिन होने वाली लूटपाट, छेड़खानी इसके पीछे प्रमुख वजह है। यही वजह है कि सरकार अब ऑटो में जीपीएस लगवाने जा रही है।
हालांकि ऑटो या सार्वजनिक उपयोग के वाहनों में जीपीएस व इमरजेंसी बटन लगाने के लिए नियमावली में संशोधन करना होगा। इसके लिए परिवहन विभाग ‘उत्तर प्रदेश मोटरयान नियमावली-1998’ में बदलाव करने जा रहा है। इस बदलाव के लिए विभाग कैबिनेट के सामने अपना प्रस्ताव रखेगा। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद ऑटो सहित अन्य सार्वजनिक उपयोग के वाहनों में जीपीएस व इमरजेंसी बटन लगना शुरू हो जाएंगे।