योगी सरकार विभिन्न पेंशन योजनायों का लाभ देने के लिए विधानसभावार कैंप लगवाएगी। इसके लिए मुख्य सचिव डॉ. अनूप चंद्र पांडेय ने सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को 20-30 जनवरी के बीच पेंशन स्वीकृति के लिए कैंप लगाने के निर्देश दिए हैं।
सभी जिलों में निर्धारित तिथि व स्थान पर आयोजित कैंपों में पेंशन प्रपत्रों को भराने और मौके पर ही जांच सत्यापन कराकर स्वीकृति संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा है। कैंपों की सूचना विभिन्न प्रचार-प्रसार माध्यमों, समाचार पत्र, पोस्टर, पैम्फलेट और मुनादी के माध्यम से देने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्य सचिव की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि प्रत्येक जिले में इन कैंपों के लिए अपर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी या जिला विकास अधिकारी स्तर के अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया जाए।
जिनकी भी वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन या दिव्यांग पेंशन योजना स्वीकृत हो, उन्हें शीघ्र भुगतान भी किया जाए। कैंप स्थल पर अलाव और साफ पानी की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं। मौके पर ही लाभार्थियों को फोटो खिंचाने की सुविधा भी दी जाएगी।