उन्नाव कांड के विरोध में निकाला कैंडल मार्च (फाइल फोटो)
- फोटो : etah news
उन्नाव के चर्चित रेप कांड में राज्य सरकार ने तत्कालीन जिलाधिकारी अदिति सिंह के खिलाफ सीबीआई की रिपोर्ट को बेबुनियाद मानते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई समाप्त कर दी है। अदिति सिंह मौजूदा समय में हापुड़ में जिलाधिकारी के पद पर तैनात हैं। शासन ने सीबीआई की जांच रिपोर्ट को गलत मानते हुए किसी भी तरह की कार्रवाई किए जाने से इनकार कर दिया है।
शासन का मानना है कि सीबीआई ने अदिति सिंह के कार्यकाल में हुई गतिविधियों की जांच गंभीरता से नहीं की। अदिति सिंह के कार्यकाल में उन्नाव का पुलिस अधीक्षक कौन था? इसे भी सही से नहीं दर्शाया गया है। अदिति के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति बिना उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका दिए कर दी गई जो प्राकृतिक न्याय के विपरीत है। शासन की ओर से कहा गया है कि अदिति सिंह का अब तक का प्रशासनिक कार्यकाल बहुत अच्छा रहा है। उनके खिलाफ कोई शिकायत या प्रतिकूल तथ्य शासन के सामने नहीं आया है।
शासन की ओर से यह भी तर्क दिया गया है कि अदिति के द्वारा जन शिकायतों को गंभीरता से लेने का परिणाम है कि आईजीआरएस पोर्टल पर जिले को प्रदेश में निरंतर पहला स्थान मिलता रहा है। ऐसी द्वेषपूर्ण और निराधार जांच रिपोर्ट से अदिति की बेहतरीन प्रशासनिक सेवा को कलंकित और प्रशासनिक छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है। शासन की ओर से कहा गया है कि अदिति सिंह पर लगाए गए सभी आरोप और कार्रवाई के लिए की गई संस्तुति पूरी तरह बेबुनियाद और गलत है। ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई किया जाना विधि संगत नहीं है। नियुक्ति विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने उन्नाव रेपकांड मामले में अदिति सिंह के खिलाफ कार्रवाई समाप्त किए जाने की पुष्टि की है।