लखनऊ के मोहनलालगंज में दरिंदगी का शिकार हुई महिला के दोनों बच्चों की पढ़ाई का जिम्मा लेते हुए प्रशासन ने निजी स्कूल में दोनों का दाखिला करा दिया है।
बेटी कक्षा सात की तो बेटा एलकेजी में पढ़ाई करेगा। प्रदेश की राजधानी में 16 जुलाई की रात देवरिया की महिला की दरिंदगी व हत्या का मामला बड़ा मुद्दा बना तो सरकार ने सख्ती के साथ पीड़ित परिवार के लिए मदद का ऐलान किया था।
मुख्यमंत्री की घोषणा पर कुछ समय बाद प्रशासन ने महिला के घर वालों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी थी और बच्चों को शिक्षा दिलाने का वादा किया था।
सरकारी खर्च पर पिछले माह एसबीआई देवरिया शाखा में बच्चों के नाम 10 लाख रुपये की फिक्स डिपॉजिट कराने के बाद बुधवार को दोनों बच्चों का स्कूल में दाखिला भी करा दिया।