कोई कलेक्टरी पाने से खुश है तो कोई जाने से। बात हो रही है जिलों में भेजे और हटाए गए अफसरों की।
निर्वाचन आयोग ने चुनाव के दौरान कई कलेक्टर व कप्तानों को हटाकर उनकी जगह दूसरे अफसरों की तैनाती कर दी थी। अब सरकार ने आयोग के भेजे तमाम अफसरों को हटाकर मनपसंद अफसरों को तैनात कर दिया है।
पर, दिलचस्प यह है कि हटाए गए और भेजे गए, दोनों ही अफसर खुश नजर आ रहे हैं। आयोग की ओर से हटाए गए कई अफसर इसलिए खुश हैं क्योंकि उनमें से कई की नौकरी में ही बहुत कम वक्त बचा है।
वह आईएएस का तमगा पाने के बावजूद कलेक्टरी का सुख नहीं भोग पाए थे। सरकार ने उनकी फिर से सुन ली है।
दूसरी ओर वे अफसर हैं जिन्हें आयोग ने भेजा था लेकिन अब सरकार ने हटा दिया। ये इसलिए खुश हैं क्योंकि उन्हें स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव कराने का क्रेडिट जो मिला है।