गोरखधाम एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह से कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, वहीं आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है।
जानकारी के मुताबिक 15203/04 लखनऊ बरौनी एक्सप्रेस लखनऊ गोरखपुर के बीच कैंसिल है।
12542 लोकमान्य तिलक गोरखपुर एक्सप्रेस गोंडा और गोरखपुर के बीच कैंसिल है वहीं 12531/32 गोरखपुर इंटरसिटी को बस्ती और लखनऊ के बीच कैंसिल कर दिया गया है।
इन ट्रेनों के बदले रूट
15707 आम्रपाली एक्सप्रेस भटनी बनारस होकर लखनऊ आएगी वहीं, 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस छपरा, बनारस होकर लखनऊ आएगी।
19038 अवध एक्सप्रेस का भी रूट डायवर्जन किया है। अब यह ट्रेन मऊ, शाहगंज, अयोध्या, गोंडा, सीतापुर होते हुए लखनऊ पहुंचेगी।
15273 सत्याग्रह एक्सप्रेस गोरखपुर, मऊ, शाहगंज, अयोध्या, सीतापुर होते हुए लखनऊ आएगी। 14674 शहीद एक्सप्रेस भी अयोध्या, शाहगंज, मऊ, गोरखपुर होते हुए छपरा जाएगी।
13020 बाघ एक्सप्रेस अयोध्या, शाहगंज, मऊ होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी वहीं 19039 अवध एक्सप्रेस भी अयोध्या, शाहगंज, मऊ होकर गोरखपुर जाएगी।
मुख्यमंत्री, राज्यपाल ने जताया शोक
सोमवार को सुबह लखनऊ से गोरखपुर जा रही ट्रेन 12556 गोरखधाम एक्सप्रेस चुरैब स्टेशन के पास मालगाड़ी से टकरा गई।
कंट्रोल रूम के मुताबिक हादसे में अब तक 40 यात्रियों की मौत की सूचना है। वहीं करीब 150 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें बस्ती और नजदीक के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों की मदद के लिए लखनऊ से टीम रवाना हो गई है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और घायलों को इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश के राज्यपाल बीएल जोशी ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
मायावती ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग
बसपा सुप्रीमो मायावती ने गोरखधाम एक्सप्रेस हादसे की राज्य सरकार से उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है।
उन्होंने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार को घायल लोगों को तत्काल मुआवजा मुहैया कराना चाहिए साथ मुफ्त में इलाज की सुविधा भी दी जानी चाहिए।
मायावती ने कहा कि उच्च स्तरीय जांच होने और दोषियों को सजा मिलने से ऐसी घटनाओं पर रोक लगेगी।
लखनऊ से राहत टीम रवाना
नादर्न ईस्टर्न रेलवे (एनईआर) में हुए हादसे के बाद रेलवे प्रशासन बचाव कार्य में जुट गया है।
हादसे के बाद लखनऊ से डॉक्टरों की टीम को भी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर रवाना कर दिया।
इसके अलावा खुद डीआरएम अनूप कुमार अधीनस्थों के साथ मौके पर पहुंच गए। वहीं स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन ने भी डॉक्टरों की एक विशेष टीम राहत कार्य तेज करने के लिए लखनऊ से रवाना की।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्थानीय अस्पतालों को भी घायलों का इलाज प्राथमिकता पर करने के आदेश दिए। पुलिस प्रशासन भी राहत कार्य में जुट गया।
रेलवे कंट्रोल रूम के मुताबिक हादसे में मौत और गंभीर रूप से घायलों की संख्या अभी बढ़ सकती है।
खड़ी मालगाडी से टकराई ट्रेन
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, चुरैब स्टेशन के पास लखनऊ की ओर आ रही मालगाडी को रोककर स्टेशन मास्टर ने गोरखधाम एक्सप्रेस को गोरखपुर जाने को लाइन दी।
रेलवे के केबिन मैन ने गोरखधाम को उसी पटरी पर डाल दिया जिस पर पहले से मालगाडी खडी थी। करीब 100 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड रही ट्रेन के ड्राइवर को जब तक मामला समझ में आता।
यह हादसा हो गया। खड़ी मालगाड़ी के साथ आमने सामने की टक्कर हुई। इसके बाद इंजन से जुड़ीं छह बोगियां मालगाडी के ऊपर चढ़ गईं। आगे की जनरल की दो बोगियों के यात्रियों को सबसे ज्यादा चोटें आई हैं।
ये रहे हेल्पलाइन नंबर्स
हादसे में हादसे में अपने परिजनों, शुभचिंतकों की सूचना के लिए लखनऊ के हेल्पलाइन 0522-2635639,0522-2288890 पर संपर्क किया जा सकता है।
वहीं, गोण्डा में 05262-222330, बस्ती में 05542-285515, कानपुर में 0512-2323015 हेल्पपलाइन डेस्क खोला गया है।
लखनऊ(उत्तर रेलवे) में स्थापित हेल्प लाइन नम्बर 9794830974 है।