लोकसभा चुनाव के नतीजे कुछ भी हो पर यह तो सच है कि राहुल गांधी भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी से कम चर्चित नहीं हैं। जी हां ये हम नहीं गूगल ट्रेंड के आंकड़े कहते हैं।
यहां पर यह स्पष्ट कर देना जरूरी है कि राहुल गांधी अपनी शख्सियत या राजनीतिक समझ के कारण चर्चा में नहीं है बल्कि उन पर बने चुटकुले उन्हें सुर्खियों में बनाए रखे।
फरवरी माह के आधार पर हाल ही में जारी किए गए गूगल ट्रेंड के स्टैट्स के अनुसार राहुल गांधी का इंटरव्यू और उन पर बने चुटकुले सर्वाधिक सर्च किये गये।
राहुल के अलावा नरेंद्र मोदी और अरविंद केजरीवाल भी गूगल सर्च में सबसे आगे रहे।
मोदी के भाषण और पत्नी के बारे में रही लोगों की उत्सुकता
आंकड़े बताते हैं कि मोदी अपने भाषण से जनता को प्रभावित करने में कामयाब रहे हैं क्योंकि सबसे ज्यादा उनके लाइव भाषण ही सर्च किये गये। उनके भाषण के अलावा मोदी की जीवनी और उनकी पत्नी के बारे में जानने की उत्सुकता भी लोगों ने दिखाई।
इसके अलावा मोदी की फोटो और पारिवारिक पृष्ठभूमि, जाति और शैक्षिक योग्यता जानने को लेकर भी लोग उत्सुक दिखे।
हिंदुत्व के ब्रांड के रूप में पहचान रखने वाले मोदी कांग्रेसियों और उनके प्रमुख नेताओं पर किये गये हमले के कारण भी अधिक लोकप्रिय रहे हैं।
राहुल गांधी के इंटरव्यू और गर्लफ्रेंड की रही चर्चा
लगभग एक दशक के राजनीतिक जीवन में औपचारिक तौर पर दिया गया राहुल गांधी का पहला इंटरव्यू इस अवधि के दौरान सर्वाधिक सर्च किया गया।
इंटरव्यू के अलावा खुद पर बने चुटकुलों के कारण तो कभी राहुल की गर्लफ्रेंड के बारे में लोगों ने सर्च किया। इसके अलावा उनके भाषण, उम्र, शैक्षिक योग्यता और मैरिज स्टेटस के बारे में भी सर्च हुई।
इंटरव्यू के ऑनलाइन होने के बाद वह सर्च में नरेंद्र मोदी और अरविंद केजरीवाल से भी आगे निकल गये।
केजरीवाल बयानों और राजनीति के कारण रहे चर्चा में
फरवरी के दूसरे सप्ताह में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले अरविंद केजरीवाल खबरों में बने रहे।
गूगल ट्रेंड के अनुसार केजरीवाल से जुड़े समाचार, उनके परिवार, मुख्यमंत्री पद से दिये गये इस्तीफे, उन पर बने चुटकुले, भाषणों, साक्षात्कार और उनकी पत्नी के बारे में सर्च किया गया।
8 दिसंबर को दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद से ही केजरीवाल और आम आदमी पार्टी मीडिया में बने रहे।
कुल मिलाकर आठ सप्ताह के दौरान मोदी लगातार चर्चा में बने रहे जबकि राहुल गांधी अपने इंटरव्यू के ऑन लाइन होने के बाद और केजरीवाल दिल्ली के विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद सर्वाधिक सर्च किये गये।