मुरादाबाद की रैली में रेप पर विवादित बयान देकर मुलायम फंसते जा रहे हैं। हर तरफ आलोचना से घिरे मुलायम के बयान की सीडी अब चुनाव आयोग ने भी तलब की है।
शुक्रवार को चुनाव आयोग ने मुलायम के उस बयान की सीडी मांगी है, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर बलात्कारियों का बचाव किया था।
उत्तर प्रदेश के चीफ इलेक्शन कमिश्नर उमेश सिन्हा ने बताया कि केंद्रीय निर्वाचल अयोग ने मुरादाबाद में मुलायम के बयान की सीडी मांगी है। कोई कार्रवाई करने से पहले हम भाषण में दिए गए बयान की जांच करेंगे।
गौरतलब है कि गुरुवार को मुरादाबाद की रैली में मुलायम ने बलात्कार के कानून को लेकर अपना पक्ष रखते हुए एक बयान दिया था, जो सियासत की भेंट चढ़ गया।
दूसरी रैली में मुलायम ने दी सफाई
अपने ही बयान की वजह से बुरी तरह घिरे मुलायम ने शुक्रवार को बदायूं की एक जनसभा को संबोधित करते हुए सफाई पेश की।
मुलायम ने अपना बचाव करते हुए कहा, 'मैं कुछ भी गलत नहीं कह रहा। जो लोग जबरन बलात्कार करते हैं, उन्हें सजा मिलनी ही चाहिए।'
मुलायम ने यह भी कहा कि मेरा कहने का मतलब था कि बेगुनाह को सजा न मिले। इसीलिए फांसी की सजा नहीं होनी चाहिए। वैसे भी, फांसी की सजा पर तो पूरे विश्व में बहस छिड़ी हुई है।
मुलायम ने दिया था ये बयान
रेप पर मुलायम सिंह ने यही विवादित बयान दिया था।
मुलायम ने रैली के दौरान कहा, 'लड़कियां पहले दोस्ती करती हैं। लड़के-लड़की में मतभेद हो जाता है। मतभेद होने के बाद उसे रेप का नाम दे देती हैं। लड़कों से गलतियां हो जाती हैं। क्या रेप केस में फांसी दी जाएगी?'
मुलायम ने कहा, 'हमारी सरकार आएगी तो कानून बदलेंगे। ऐसे कानूनों को बदलने की कोशिश की जाएगी। दुरुपयोग करने पर सजा दी जाएगी और झूठ बोलने वालों को भी सजा मिलेगी। लड़कों से गलतियां हो जाती हैं। रेप के लिए फांसी दी जाएगी। बंबई में भी रेप के लिए फांसी दी गई है।'
बयान पर विवाद
मुलायम सिंह के इस विवादास्पद बयान का सभी पार्टियों ने कड़ा विरोध किया है।
मुलायम सिंह यादव आतंकियों के बाद अब बलात्कारियों का समर्थन करने लगे हैं। मुलायम वोट के लालच में सारी संवेदनशीलता व मर्यादाएं भूल चुके हैं।
-डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा
उनकी सेना में ऐसे ही लोगों की भरमार है। इसलिए आज वे कानून में बदलाव की बात कर रहे हैं। सपा मुखिया के मन में महिलाओं के प्रति कितनी इज्जत है यह इस बयान से साफ हो जाता है।
- अमरनाथ अग्रवाल प्रवक्ता, कांग्रेस
नेताजी ने कहा है, सरकार आएगी तो रेप केस में फांसी की सजा का कानून बदल देंगे... तय कर लीजिए उनकी सरकार कभी नहीं आएगी।
- रेणुका चौधरी कांग्रेस नेता
मुलायम को देश माफ नहीं करेगा
मुलायम के इस विवादित बयान पर पहली प्रतिक्रिया महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे की तरफ से आई। उन्होंने एक रैली में कहा कि उन्हें शर्मिंदगी होती है कि वो उस देश में रहते हैं जहां मुलायम जैसे नेता है।
राज ठाकरे ने कहा कि ऐसा घिनौना बयान देने वाले मुलायम के घर में क्या मां बहन नहीं है। केवल वोट पाने के लिए ऐसा बयान देने वाले को देश माफ नहीं करेगा। उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पूर्व आईपीएस अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता किरण बेदी ने कहा कि ये बयान केवल महिलाओँ के खिलाफ नहीं बल्कि पूरे समाज के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि ऐसे घृणित बयान के लिए महिलाएं मुलायम को कभी माफ नहीं करेंगी। बेदी ने कहा कि इसके लिए एक ही सजा है कि मुलायम को वोट मत दो।