गोंडा जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के परसा गोड़री छोटीपुरवा में दस दिन पहले किराना व्यापारी पर हुए कातिलाना हमले का खुलासा हो गया है। चोरी की नीयत से घर में दाखिल हुए असलहों से लैस बदमाशों ने बाधक बन रहे व्यापारी को गोली मार दी थी। अज्ञात बदमाशों की तलाश में एसपी ने एसओजी व करनैलगंज पुलिस को लगाया था।
शुक्रवार की रात करीब डेढ़ बजे पुलिस व बदमाशों के बीच हुए मुठभेड़ में पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि मौके से भाग रहे दूसरे बदमाश को खदेड़कर दबोच लिया। पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। सीएचसी करनैलगंज में घायल बदमाश का इलाज कराया और सुबह गोंडा मेडिकल कॉलेज ले आए।
ये भी पढ़ें - भू-अधिग्रहण का खेल: अपनों को खरीदवाईं हाइवे किनारे की जमीनें, 80 करोड़ से ज्यादा का घपला
ये भी पढ़ें - आईटी क्षेत्र में लिया जा सकेगा हर दिन 12 घंटे काम, श्रम कानूनों में किया जाएगा बदलाव
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के मुताबिक करनैलगंज के नरायनपुर माझा प्राथमिक विद्यालय के पास खुद को घिरा देख बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई तो एक बदमाश के पैर में गोली लग गयी और वह जख्मी हो गया जिसे पुलिस ने दबोच लिया। मौके से पुलिस ने बाइक व तमंचा बरामद किया है।
परसागोड़री छोटीपुरवा में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देते समय किराना व्यापारी सत्यदेव दीक्षित पर फायर झोंक दिया था। गंभीरावस्था में उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था। जहां ऑपरेशन के बाद उनकी हालत में सुधार है।
करनैलगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक ने बताया कि शुक्रवार की रात पुलिस टीम गश्त पर निकली थी साथ में एसओजी की टीम भी थी।
आधी रात के बाद करीब 1.30 बजे नारायनपुर मांझा प्राथमिक स्कूल के पास बाइक सवार युवक आते दिखाई दिए इसी के बाद मुठभेड़ हुई। बदमाशों से पुलिस टीम की मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी उमेश्वर प्रभात सिंह व प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक भी मौके पर पहुंचे।
घायल बदमाश की पहचान कौड़िया थाना क्षेत्र के बौनापुर लोनियनपुरवा के रहने वाले बच्चन पुत्र गंगाराम के रूप में हुई है। गोंडा मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है जबकि दौड़ाकर पकड़े गये साथी की शिनाख्त राजेश पुत्र मनोहर निवासी ग्राम पहाड़ापुर थाना कटराबाजार के रूप में हुई है।