लखनऊ। रियाद, दुबई की फ्लाइटों से आए तीन तस्करों को गिरफ्तार कर कस्टम की टीम ने करीब 50 लाख रुपये का सोना बरामद किया। शातिर बिस्कुट व पेस्ट के रूप में सोना छिपाकर ला रहे थे। मुकदमा दर्ज कर तस्करों से पूछताछ की जा रही है।
कोविड की दूसरी लहर के बाद विमानों का संचालन सामान्य होने लगा है। इसके साथ खाड़ी देशों से सोने की तस्करी के मामले भी बढ़ने लगे हैं। एयरपोर्ट कस्टम की उपायुक्त ने बताया कि टीम ने रियाद से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट जी8-6006 से उतरे दो यात्रियों की शक के आधार पर जांच की। इसमें दोनों के पास से सोने के तीन-तीन बिस्कुट मिले। शातिरों ने इन्हें जींस की अंदरुनी पॉकेट और अंडरवियर में छिपाकर रखा था। बरामद सोने का वजन करीब 700 ग्राम और कीमत 34,71,206 रुपये है। इसके अलावा दुबई से आई फ्लाई दुबई की फ्लाइट के पैसेंजर से भी सोना बरामद किया गया, जिसे पेस्ट के रूप में लाया जा रहा था। इसकी कीमत 14.97 लाख रुपये है।