मोहनलालगंज। कोराना गांव में बुधवार दोपहर करीब दो बजे 10 वर्षीय मिष्ठी का शव घर के पास स्थित खंडहर में रस्सी के फंदे के सहारे लटका मिला। पुलिस का दावा है कि मिष्ठी ने आत्महत्या की है। वहीं बालिका की मां रानी ने हत्या की आशंका जताई है।
मिष्ठी के पिता किसान प्रेमचंद रावत के अनुसार बुधवार दोपहर घर पर मिष्ठी और आठ साल का बेटा रामदेव मौजूद थे। बाकी लोग खेत पर गए थे। मिष्ठी कक्षा-6 की छात्रा थी। दोपहर को खेलते-खेलते रामदेव घर के बगल स्थित खंडहर पहुंचा तो उसने बल्ली में रस्सी के फंदे पर बहन का शव लटका देखा। उसका शोर सुनकर ग्रामीण जमा हो गए। खबर पाकर परिजन भी मौके पर पहुंचे। ग्राम प्रधान हरिनाम सिंह ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार किया था, लेकिन बाद में समझाने पर राजी हो गए। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया किशोरी की मौत आत्महत्या लग रही है। वहीं परिजनों ने भी कोई आरोप नहीं लगाया है। मिष्ठी के परिवार में मां रानी, भाई कपिल और बहन शगुन हैं।
मिष्ठी की मौत के मामले में गांव में उसकी हत्या की चर्चा है। ग्रामीणों का कहना है कि मिष्ठी का शव जहां लटका मिला, उसकी ऊंचाई अधिक है। मिष्ठी इतनी ऊंचाई पर कैसे पहुंच गई। वहीं रस्सी कहां से आई। इंस्पेक्टर का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की सही वजह पता चल सकेगी और उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।