कल्याणपुर की दो बहनों ने अपने पिता पर वेश्यावृत्ति कराने का आरोप लगाया है। जबकि पिता ने अपने ससुरालवालों पर बेटियों से ऐसा कराने की बात कही है। फिलहाल पुलिस ने दोनों बहनों का मेडिकल कराया है। मेडिकल रिपोर्ट के बाद कार्रवाई आगे बढ़ेगी।
कल्याणपुर इलाके की एक बस्ती में रहने वाले शख्स ने आरोप लगाया कि इसी वर्ष 29 मई को लखनऊ के आलम नगर में रहने वाली उसकी सास, साली और दो साले यहां से उनकी नाबालिग बेटियों को बहला-फुसला कर कार से अपने साथ ले गए हैं।
उसकी तहरीर पर कल्याणपुर थाने में 13 जून को रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। तब से पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी थी। इस मामले में 13 सितंबर को एसआई आरके सिंह ने टीम के साथ लखनऊ में आरोपियों के घर दबिश दी।
वहां दोनों बहनें नहीं मिली लेकिन एक आरोपी हाथ लग गया। पुलिस उसे ले आई। इधर, बुधवार को दोनों बहनें लखनऊ में डीजीपी से मिली और कल्याणपुर पुलिस पर मामा को बेवजह पकड़े जाने का आरोप लगाया।