लोगों की सेहत दांव पर लगा, गंदगी के बीच, घटिया सामग्री से शहर में नूडल्स तैयार किया जा रहा है। लखनऊ मेें गोमती नगर के विनीत खंड में दो फैक्ट्रियों पर एफएसडीए की कार्रवाई के दौरान कीड़े वाले चावल के आटे और मैदा से नूडल्स बनता मिला। गंदगी के बीच, गंदे फर्श पर तैयार किया गया सवा कुंतल नूडल्स मौके पर ही टीम ने नष्ट कराया।
दोनों फैक्ट्रियों को सील करते हुए दो नमूने लैब जांच को भेजे गए। अभिहीत अधिकारी टीआर रावत ने बताया कि दोनों ही फैक्ट्रियों के संचालक के खिलाफ एफएसडीए एक्ट में मुकदमा दर्ज कराते हुए दो लाख तक जुर्माना वसूलने की संस्तुति की जाएगी।
अभिहीत अधिकारी के मुताबिक, गोमती नगर के विनीत खंड स्थित मल्हौर में गंदगी के बीच घटिया सामग्री से नूडल्स तैयार किए जाने की शिकायत मिली थी।
यहां तैयार हो रहे नूडल्स की सप्लाई आसपास के जिलों में भी की जाती है। इतना ही नहीं मौके पर नूडल्स बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे चावल का आटा व मैदा में घुन व कीड़े भी मिले। बोरियों पर कीड़े रेंग रहे थे।